इराक़ी सुरक्षाकर्मियों ने शुक्रवार को बीजी तेल रिफ़ाइनरी पर हमले को विफल बनाते हुए दसियों आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार तकफ़ीरी आतंकी गुट आईएसआईएल के आतंकियों ने इराक़ की महत्वपूर्ण तेल रिफ़ाइनरी बीजी पर क़ब्ज़ा करने के लिए हमला किया था किंतु इराक़ी सुरक्षा बलों ने उनके हमले को विफल बनाते हुए दसियों आतंकवादियों को मार गिराया। इस बीच इराक़ के विभिन्न क्षेत्रों में आईएसआईएल के आतंकियों के विरुद्ध कार्यवाही जारी रखी है। सूचना है कि तिकरीत के उत्तर में स्थित अलहावी और अलहज्जाज के क्षेत्रों को सुरक्षा बलों ने आतंकियों से मुक्त करा लिया है। इस अभियान में अनेक आतंकी मारे गए जिनमें आईएसआईएल के दो प्रमुख सरग़ना भी शामिल हैं। दूसरी ओर इराक़ के सुरक्षा सूत्रों ने बताया है कि पश्चिमी प्रांत अलअंबार में आतंकी गुट आईएसआईएल ने पचास पुलिसकर्मियों की बड़ी निर्दयता से हत्या कर दी है। आतंकियों ने इसी प्रकार रुमादी नगर के कुछ क्षेत्रों का भी घेराव कर रखा है और आम नागरिकों के लिए पानी, दवाएं और खाद्य सामग्री सहित आवश्यकता की कोई भी वस्तु पहुंचने नहीं दे रहे हैं।